- राजकीय आयुर्वेद कॉलेज में मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने किया शुभारंभ
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने शुक्रवार को टूड़ियागंज स्थित राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं अस्पताल में बच्चों के स्वर्णप्राशन संस्कार अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद ही चिकित्सा की ऐसी प्रणाली है जो बच्चों में स्वर्णप्राशन के माध्यम से प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने में सक्षम है। इस अभियान के दौरान करीब 550 बच्चों के स्वर्णप्राशन संस्कार के तहत दवाएं दी गईं।
डॉ. दयालु ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित होते रहें, जिससे अधिक बच्चों को स्वर्णप्राशन की सुविधा मिले। प्रमुख सचिव आयुष लीना जौहरी ने कहा कि आयुर्वेद के माध्यम से लोगों को स्वस्थ रखने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। निदेशक आयुर्वेद डॉ. पीसी सक्सेना ने कहा कि हमारे घरों में आयुर्वेद के उपचार का हर सामान मौजूद है। दालचीनी, काली मिर्च, अदरक, अजवाइन आदि का प्रयोग करके पूरे परिवार को स्वस्थ रखा जा सकता है। इस मौके पर विशेष सचिव आयुष हरिकेश चौरसिया, प्रधानाचार्य डॉ. कंचन गुप्ता, डॉ. धर्मेंद्र उपस्थित रहे।