लखनऊ। व्यापारियों की एकजुटता के लिए बृहस्पतिवार को बीबीएयू में स्वदेशी व्यापारी महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले बुधवार को वाहन रैली निकाली गई। व्यापारी नेता व राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने वाहन रैली को हरी झंडी दिखाई। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय परिसर से शुरू होकर यह रैली ऐशबाग रोड पर समाप्त हुई। रैली का उद्देश्य व्यापारियों को कुंभ में शामिल होने के लिए आमंत्रित करना था। महानगर अध्यक्ष सुरेश छाबलानी ने बताया कि अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की ओर से होने वाले स्वदेशी व्यापारी महाकुंभ में व्यापारियों के तमाम मुद्दों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 12 बजे से होगी। स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय संगठक कश्मीरी लालजी भी शामिल होंगे। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष रिपन कंसल, महामंत्री अनुज गौतम, शुभम मौर्य, कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार नाग, सनत गुप्ता, संजय निधि अग्रवाल, मुकेश साहू, रमेश शुक्ला, वीरेंद्र वर्मा, कामेंद्र सिंह, पतंजली सिंह, ललित सक्सेना, प्रदेश महिला महामंत्री एकता अग्रवाल, कंचन श्रीवास्तव, सीमा सिंह, रश्मि सिंह, सोमा सिन्हा आदि व्यापारी मौजूद रहे।