प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि योगी सरकार 2.0 का दूसरा बजट युवाओं, किसानों, एमसएमई और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलेपमेंट को समर्पित होगा। खन्ना ने कहा कि केंद्र सरकार के बजट से यूपी की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद मिलेगा। दस खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को प्राप्त करने में भी बजट यूपी की मदद करेगा। उन्होंने कहा कि बजट से ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के जरिये यूपी में निवेश करने वाले निवेशकों को भी मदद मिलेगी।
सवाल - यूपी के नजरिए से केंद्र के बजट को किस रूप में देखते है?
खन्ना - डबल इंजन की सरकार का फायदा यूपी को बीते छह वर्ष से मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले भी यूपी को प्राथमिकता में रखा था अब भी यूपी प्राथमिकता में है। केंद्र सरकार की अधिकांश योजनाओं का लाभ यूपी को मिलेगा। नए एयरपोर्ट, रेलवे, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलेपमेंट से यूपी की युवा शक्ति लाभान्वित होगी।
सवाल - केंद्र सरकार के 2023-24 के बजट में कितनी सहायता मिलने की संभावना है?
खन्ना - वर्तमान वित्तीय वर्ष में केंद्रीय करों में यूपी का राज्यांश 1,46,498. 76 करोड़ रुपये लक्ष्य रखा गया था। उसके सापेक्ष पुनरीक्षित आंकड़े बताते हैं कि यूपी को 1,69,745.30 करोड़ रुपये मिलेगा। लक्ष्य से 23,346.54 करोड़ रुपये अधिक मिलेगा। 2023-24 में राज्यांश 183237.59 करोड़ रुपये मिलने का अनुमान है। वर्तमान वित्तीय वर्ष के अनुमान से 37 हजार करोड़ रुपये अधिक है। अभी तक पूंजी निवेश के लिए राज्यों को मिलने वाली विशेष सहायता में सरकार ने 1 लाख करोड़ से बढ़ाकर 1.30 लाख करोड़ किया है। यूपी को वर्तमान वित्तीय वर्ष में 14,391 करोड़ स्वीकृत था, 7694 करोड़ रुपये मिला है।
सवाल - प्रदेश की अर्थव्यवस्था को दस खरब डॉलर की बनाने में यह बजट किस तरह फायदेमंद होगा?
खन्ना - केंद्र सरकार ने ओडीओपी के लिए मॉल बनाने की बात की है। इससे यूपी के एमएसएमई को नया बाजार मिलेगा। नए उद्योग, ढांचागत विकास से अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। आर्थिक गतिविधियां बढ़ेगी तो राजस्व भी बढ़ेगी। केंद्र से मिलने वाली सहायता भी बढ़ रही तो इससे दस खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य पूरा होगा। सरकार ने आयकर छूट की सीमा को पांच से बढ़ाकर सात लाख किया है। जब लोगों की खरीदने की क्षमता बढ़ेगी तो बाजार में मांग बढ़ेगी, इससे नए उद्योग स्थापित होंगे और रोजगार सृजन होगा। इसका पूरा चक्र अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा।
सवाल - यूपी के बजट में किस पर फोकस रहेगा?
जवाब - योगी सरकार के बजट में युवा, किसान, एमएसएमई और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलेपमेंट पर फोकस किया जाएगा। इस सेक्टर के लिए बजट में नई घोषणा की जाएगी।
सवाल - ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के बाद आ रहे उद्यमियों को इस बजट से क्या फायदा होगा?
जवाब - जीएसआई में सबसे ज्यादा एमएसएमई की इकाइयां स्थापित होगी। सरकार ने एमएसएमई के लिए बजट में ऋण पर ब्याज कम करने, फार्मा, नवीनीकृत ऊर्जा सहित अन्य नए सेक्टर में रियायत देने की घोषणा की है। निवेशकों को भी बजट घोषणाओं से लाभ होगा। एसएमएमई को ऋण के लिए 9 हजार करोड़ का ऋण प्रावधान किया है।
सवाल - यूपी की किस किस पहल को केंद्र के बजट में अपनाया गया है?
जवाब - यूपी सरकार की ओडीओपी योजना के तहत अब देश भर के राज्यों में ओडीओपी मॉल बनेंगे। एसएमएमई उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए यूपी में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत सम्मान दिया जाता है इस योजना को केंद्र ने भी अपनाया है। आकांक्षी विकास खंड की योजना को भी केंद्र ने सभी प्रदेशों में लागू करने की घोषणा की है।
सवाल - विपक्ष बजट को आधारहीन और जनता के साध धोखा बता रहा है
जवाब - मेरा दावा है कि यूपी में विपक्षी दलों के नेताओं ने बजट को पढ़े और देखे बिना अपनी प्रतिक्रिया दी है। केंद्रीय वित्त मंत्री ने सुबह 11 बजे सदन में बजट पेश करना शुरू किया, विपक्षी दलों की प्रतिक्रिया सुबह 10 बजे ही बन गई थी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव को भी बजट की समझ नहीं है।