रायबरेली। समर स्पेशल ट्रेनों के साथ ही नियमित ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों को काफी इंतजार कराया। समर स्पेशल व काशी चार घंटे से ज्यादा लेट रही। उमस भरी गर्मी के बीच यात्री काफी परेशान हुए। राहत पाने के लिए इधर-उधर टहलते नजर आए।
बुधवार को चंडीगढ़ से प्रयागराज जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस दो घंटे और प्रयागराज से चंडीगढ़ जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस पौने दो घंटे विलंब से पहुंची। पुरी से आनंद विहार जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस तीन घंटे और लखनऊ-प्रयागराज स्पेशल (पैसेंजर ट्रेन) सवा दो घंटे देर से आई। सहारनपुर से प्रयागराज जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, प्रयागराज से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटे, सिंगरौली से टनकपुर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस पौन घंटे और अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल व प्रतापगढ़ से कानपुर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस आधे घंटे देर से पहुंची।
मंगलवार देर रात आनंद विहार से जय नगर जाने वाली समर स्पेशल ट्रेन सवा पांच घंटे, नई दिल्ली से बनारस जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस पौने पांच घंटे और बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस डेढ़ घंटे देर से आई। प्रयागराज से सहारनपुर जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस और प्रयागराज-लखनऊ स्पेशल (पैसेंजर ट्रेन) एक घंटे विलंब से पहुंची।
स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने बताया कि विलंब से आने वाली ज्यादातर ट्रेनें लंबी दूरी वाली गाड़ियां हैं, जो पिछले स्टेशनों से लेट होने के कारण देर से आई हैं।