रायबरेली। सिविल सेवा परीक्षा में 341वीं रैंक लाने वाले आदित्य प्रताप सिंह को उनके पैतृक गांव चक लोहराहार में सम्मानित किया गया। परिवारीजनों और ग्रामीणों में आदित्य के साथ उनकी मां गीता देवी को भी सम्मान से नवाजा।
अमावां विकास क्षेत्र की ग्रामसभा हरदासपुर के ग्राम प्रतिनिधि और आदित्य के चाचा नरेंद्र सिंह की ओर से हुए सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि पहले अंजली वर्मा और उसके बाद भाई आदित्य ने सफलता अर्जित कर गांव का नाम रोशन किया है। गांव में अपने सम्मान के बाद आदित्य प्रताप सिंह ने कहा कि माता-पिता और परिवार के सहयोग के बगैर कामयाबी पाना आसान नहीं था। जब पिता का साया मेरे ऊपर से उठ गया तो मां और बहन के साथ चाचा और मामा ने हौसला बढ़ाया। वह अपनी कामयाबी पिता स्व. अनिल सिंह को अर्पित करना चाहते हैं। संचालन विवेक सिंह ने किया। इस मौके पर राजेंद्र सिंह, अजय सिंह, ओम प्रकाश सिंह, अमर सिंह, अजित सिंह, अक्षय, सूर्य प्रताप सिंह, अनीता, मुस्कान, वैभवी, शिवशरण सिंह आदि मौजूद रहे।