लखनऊ। प्रदेश सरकार के रोजगार मिशन के तहत कौशल विकास विभाग इंटरमीडिएट पास विद्यार्थियों को निशुल्क नर्सिंग और पैरामेडिकल कॅरिअर काउंसिलिंग देगा। यह पहल नए सत्र यानी जुलाई से शुरू होगी। यह काउंसिलिंग राजधानी सहित प्रदेश के राजकीय, एडेड व निजी माध्यमिक विद्यालयों में दी जाएगी। मिशन के संयुक्त निदेशक मयंक गंगवार के अनुसार, मिशन रोजगार के तहत पहले भी कौशल विकास प्रशिक्षण दिया गया है। अब 1700 से अधिक विद्यालयों में 2500 से अधिक विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा देने की तैयारी है। कौशल विकास विभाग ने नर्सिंग और पैरामेडिकल कॅरिअर काउंसिलिंग के लिए चिकित्सा विभाग से समझौता किया है। राजकीय आईटीआई और पॉलीटेक्निक में भी व्यावसायिक शिक्षा पर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होंगे। इसके लिए दोनों विभागों से संपर्क किया जा रहा है।