लखनऊ। अमर उजाला की शैक्षिक पहल के तहत वेदम वर्ल्ड स्कूल के दो वाणिज्य विद्यार्थियों ने वेदम अनस्क्रिप्टेड कार्यक्रम में उद्यमिता और कारोबार की बारीकियां सीखीं। बियॉन्ड द क्लासरूम थीम पर आयोजित इस कड़ी में विद्यार्थियों ने अवध प्लास्टोवेयर्स के प्रबंध निदेशक और आईआईटी कानपुर के पूर्व छात्र मोहित बंसल से संवाद किया। कार्यक्रम का विषय आईआईटी से उद्योग तक एक उद्यमी का सफर रहा। बख्शी का तालाब स्थित वेदम वर्ल्ड स्कूल में हुए आयोजन में मोहित बंसल ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई से लेकर उद्योग जगत में अपनी जिम्मेदारियां संभालने तक के अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने कक्षा में पढ़े वाणिज्य के सिद्धांतों को व्यावहारिक कारोबार से जोड़ते हुए सवाल किए। उन्होंने जानना चाहा कि रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक उत्पादों की कीमत कैसे तय की जाती है और कच्चे माल की कीमत बढ़ने से मुनाफे पर क्या असर पड़ता है। बंसल ने निर्माता के नजरिये से इन सवालों के जवाब दिए। बातचीत में प्लास्टिक उद्योग की पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारियों पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही कारखानों में स्वचालन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं पर विद्यार्थियों ने जानकारी हासिल की।