लखनऊ। ममलूक शासक इल्तुतमिश ने मुद्रा व्यवस्था को व्यवस्थित करते हुए चांदी के टंका और तांबे के जीतल को प्रचलित किया। ये बात मौलाना आजाद राष्ट्रीय उर्दू विश्वविद्यालय हैदराबाद के प्रो. दानिश मोइन ने उप्र राज्य पुरातत्व निदेशालय की ओर से आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला के दूसरे दिन शुक्रवार को कही। उन्होंने दिल्ली सल्तनत की मुद्रा व्यवस्था के विकास का उल्लेख करते हुए ममलूक शासक इल्तुतमिश के मुद्रा सुधारों का उल्लेख किया। प्रो. मोइन ने सिक्कों पर अंकित अरबी एवं फारसी अभिलेखों, धार्मिक उद्घोषों, शासकीय उपाधियों तथा लेखन शैली की विशेषताओं के बारे में जानकारी दी। उप्र राज्य पुरातत्व निदेशालय की निदेशक रेनू द्विवेदी ने प्रो. दानिश मोइन को सम्मानित किया। कहा कि मुद्राओं के माध्यम से तत्कालीन शासन की व्यवस्था, कला, संस्कृति, भाषा एवं आर्थिक परिस्थितियों को समझा जा सकता है।