सकरन/सीतापुर। घास काटने गए एक किशोर का शव संदिग्ध हालात में खेत में लगे पेड़ से लटका मिला। उसके हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे। चेहरे पर उसी की शर्ट लिपटी थी। दोनों हथेलियों को किसी नुकीली चीज से छेदा गया था। शरीर पर मिले चोटों के निशान से पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। वह कक्षा-सात का छात्र था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
धनपुरिया गांव निवासी विष्णु (14) पुत्र बदलू गोडिया शुक्रवार सुबह आठ बजे घास काटने खेत गया था। उसके पिता बदलू मजदूरी करने गए थे। घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के चलते दो बड़े भाई कुंदन व पिंटू बाहर मजदूरी करते हैं। देर शाम तक जब विष्णु वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने उसे काफी तलाशा लेकिन पता नहीं चला। शनिवार सुबह करीब सात बजे विष्णु का शव गांव के बाहर विशंभर दयाल पांडेय के गन्ने के खेत में लगे पेड़ से रस्सी के सहारे फंदे से लटका मिला।
उसके दोनों हाथ व पैर रस्सी से बंधे हुए थे और चेहरे पर उसी का शर्ट लिपटी थी। दोनों हथेलियों को किसी नुकीली चीज से छेदा गया था। देखने से प्रतीत हो रहा था कि बहुत निर्ममता से उसकी हत्या के बाद शव को पेड़ से लटका गया था।
घटनास्थल से कुछ दूरी पर किशोर की हंसिया व कटी हुई घास पड़ी मिली। परिजनों ने बताया कि किसी से उनकी दुश्मनी नहीं थी। ग्रामीणों के अनुसार विष्णु काफी हसमुख व मिलनसार था। वह गांव के सरकारी स्कूल में कक्षा-सात का छात्र था। सूचना पाकर सीओ बिसवां अभिषेक प्रताप सिंह अजेय, एसओ घनश्याम राम ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ब्रेसलेट खोलेगा राज
पुलिस को टनास्थल पर रस्सी के टुकड़े और एक चांदी का ब्रेसलेट मिला है। ब्रेसलेट किसी युवक का लग रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है, कि ब्रेसलेट किसका है। माना जा रहा है कि ब्रेसलेट इस हत्याकांड के राज खोलने का पुख्ता साक्ष्य है।
जांच की जा रही
हत्या के बाद किशोर के शव को फंदे से लटकाए जाने की आशंका है। उसके हाथ-पैर भी बंधे हुए थे। परिजनों ने अभी तहरीर नही दी है। जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने व तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
अभिषेक प्रताप सिंह अजेय, सीओ बिसवां