परशदेपुर (रायबरेली)। आधार कार्ड न बनने से आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने शनिवार को परशदेपुर कस्बा स्थित उप डाकघर के सामने प्रदर्शन किया। कई दिन से लगातार उप डाकघर जाने के बाद बैरंग लौटने से खफा थे। आधा घंटे तक अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उप डाकघर के अधिकारियों के तीन दिन के अंदर आधार कार्ड बनाने का काम शुरू करने का आश्वासन दिया।
परशदेपुर क्षेत्र के बीरगंज मार्ग पर स्थित एनएच पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले 50 से ज्यादा छात्र-छात्राएं उप डाकघर आधार कार्ड बनवाने पहुंचे थे। इस दौरान सब पोस्टमास्टर राम तीर्थ ने बच्चों से कहा कि प्रिंटर खराब है। आधार कार्ड नहीं बन पाएगा, जिसे लेकर छात्र-छात्राएं आक्रोशित हो गए। उप डाकघर के सामने प्रदर्शन करने लगे।
छात्र सगुण सिंह, अभिजीत सिंह, अंकेश और छात्राएं सेजल साहू, अंशिका साहू, सुनिधि निर्मल, खुशी का कहना था कि आधार कार्ड न बनने से दिक्कतें हो रही हैं। सब पोस्टमास्टर रामतीर्थ ने छात्रों को समझाया कि तीन दिन बाद प्रिंटर सही होकर आ जाएगा। उसके बाद आधार बनना शुरू हो जाएगा। एनएच स्कूल के प्रबंधक अब्दुल बारिक खान ने बताया कि आधार कार्ड न होने से बच्चों को दिक्कतें हो रही हैं। इस पर ध्यान देने की जरूरत है।