ख्वाजा मोईनुद्दीन भाषा विश्वविद्यालय व एडुनेट फाउंडेशन के बीच मंगलवार को एक एमओयू किया गया। इसमें कुलपति प्रो. एनबी सिंह व एडुनेट के फैसल खान ने हस्ताक्षर किए।
एमओयू के अंतर्गत एडुनेट फाउंडेशन द्वारा विद्यार्थियों को माइक्रोसॉफ्ट द्वारा चलाए जाने वाले टैक्स सक्षम कार्यक्रम के अंतर्गत ट्रेनिंग करने का मौका मिलेगा।
कुलपति प्रो. एनबी सिंह ने कहा कि आज के तकनीकी युग में विद्यार्थियों को नई तकनीकों से अवगत कराना बहुत आवश्यक है। इसी क्रम में यह एमओयू किया जा रहा है।
इस प्रकार की ट्रेनिंग विद्यार्थियों को नौकरी के नए अवसर भी प्रदान करेगी। इसके द्वारा क्षमता निर्माण, कौशल विकास, टेक्नोलॉजी के प्रति जागरूकता जैसे कार्यक्रमों के साथ प्लेसमेंट के अवसर भी दिए जाएंगे।
विवि की ओर से शान-ए-फातिमा को समन्वयक बनाया गया है तथा एडुनेट फाउंडेशन से फैसल खान इसके समन्वयक रहेंगे। इस मौके पर कुलसचिव अजय कृष्ण यादव, नोडल अधिकारी एमओयू डॉ. तनु डंग, कुलानुशासक डॉ. नीरज शुक्ला आदि उपस्थित थे।
भाषा विवि के छात्रों को मिला प्लेसमेंट
भाषा विवि के प्लेसमेंट सेल ने मंगलवार को प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया। इसमें क्लब ऑक्सीजन प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने एमबीए चौथे सेमेस्टर के विद्यार्थियों का इंटरव्यू किया। प्लेसमेंट सेल की सदस्य निधि सोनकर ने बताया कि ड्राइव में मो. दानिश, एनाम-उर-रहमान, अरफीन खान का चयन हुआ है। इन विद्यार्थियों को तीन लाख सालाना तक का पैकेज दिया गया है।