लखनऊ। चिनहट इलाके में शनिवार को बाइक से घर लौट रहे छात्र को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस ने छात्र को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई।
कमता के सनातन नगर निवासी अंशुमन शंकर गौतम (24) प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। उनके पिता शिवकुमार गौतम पीएसी में आरक्षी हैं। वह इस समय रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात हैं। शनिवार देर रात अंशुमन बाइक से कहीं गए थे। लौटते समय चिनहट में देवा रोड पर पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अंशुमन गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने अंशुमन को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिनहट इंस्पेक्टर अश्वनी चतुर्वेदी के मुताबिक अंशुमन हेलमेट पहने थे। परिजन की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। अंशुमन के परिवार में पिता, मां अनीता व दो बहने हैं।