निगोहां। अघैया गांव में बुधवार रात जहरीले जीव के काटने से सातवीं के छात्र की मौत हो गई। गांव निवासी किसान मायाराम के मुताबिक बड़ा बेटा सुभाष (13) बेसिक विद्यालय में पढ़ता था। बुधवार रात वह सो रहा था। रात 11 बजे उसे उल्टी हो गई। हालत सामान्य होने पर वह सो गया। कुछ देर बाद उसे फिर उल्टी हो गई और तबीयत बिगड़ गई। पूछने पर वह कुछ बता नहीं सका। संदेह होने पर बेटे के बिस्तर को पलटा तो उसके अंदर छिपकली जैसा जीव निकला। परिजन उसे सीएचसी बछरावां ले गए, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार में मां कांती, छोटा भाई साहिल व बहन सुहानी है।