छेड़छाड़ के विरोध पर युवती के घर पर पथराव
आलमबाग। अश्लील इशारों और छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगों ने युवती के घर पर पथराव कर दिया। पूरे परिवार को अंजाम भुगतने की धमकी दी। पथराव में घर के बाहर खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। ईंट-गुम्मे चलते देखकर युवती बेहोश हो गई। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद समेत चार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।आलमबाग निवासी पीड़ित के मुताबिक, 25 अक्तूबर की रात करीब 10 बजे उनकी भतीजी पर मोहल्ले के रामकुमार और आशीष गंदे इशारे कर रहे थे। युवती ने विरोध कर शोर मचाया। आरोप है कि इस पर रामकुमार, आशीष कुमार और उनके दो अन्य साथी छत पर चढ़ गए। वहां से जान से मारने की नीयत से ईंटें फेंकनी शुरू कर दीं। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि रामकुमार, आशीष और दो अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।