लखनऊ। माफिया मुख्तार अंसारी के करीबी व अयोध्या से सपा विधायक के साले को एसटीएफ ने शुक्रवार को सरोजनीनगर इलाके से उठा लिया। हिरासत में लिए गए विधायक के साले पर आरोप है कि उसके पास नागालैंड से जारी शस्त्र लाइसेंस है जो अवैध है। एसटीएफ का दावा है कि यह लाइसेंस फर्जी दस्तावेजों से बनवाया गया था।मुख्यालय ले जाकर एसटीएफ ने विधायक के इस रिश्तेदार से चार घंटे तक पूछताछ की। उसके पास से बरामद असलहे की खरीद-फरोख्त को लेकर भी सवाल जवाब हुए। साथ ही कारतूसों का ब्योरा भी लिया गया।
इसके अलावा उसके आपराधिक रिकॉर्ड और कुछ घटनाओं के बारे में भी पूछताछ हुई। एसटीएफ की टीम ने शुक्रवार देर शाम तक लाइसेंस के बारे में पूछताछ की। कुछ तथ्याें के पुष्ट होने पर गिरफ्तारी की जाएगी।
पूर्व सांसद पर हमले का है आरोपी एसटीएफ के सूत्रों के मुताबिक, सपा विधायक के साले पर जौनपुर के पूर्व सांसद व बाहुबली नेता धनंजय सिंह पर जानलेवा हमले का आरोप है।
पूर्व सांसद पर 2002 में वाराणसी में जानलेवा हमला हुआ था। इसमें विधायक के साले को आरोपी बनाया गया था। इसके अलावा अन्य कई आपराधिक वारदातों में भी इसका नाम सामने आया है।