हैदराबाद में वृद्व महिला को जहर देकर घर में रखे नगदी व जेवरात को लेकर अपने घर भाग कर आ रही नौकरानी को भारत-नेपाल सीमा पर चेकिंग के दौरान एसएसबी की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान युवती के पास से नगदी व जेवरात बरामद हुए। एसएसबी ने पकड़ी गई युवती को हैदराबाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। हैदराबाद में पीड़ित वृद्व महिला का इलाज चल रहा है।
नेपाल राष्ट्र के कैलाली जिला के धनगढ़ी नगर पालिका वार्ड नंबर आठ चेतकपुर निवासी महिला माया नौकरी करने के लिए हैदराबाद गई हुई थी। हैदराबाद के नाचेराम थाना क्षेत्र के एचएमटी कालोनी निवासी 75 वर्षीय सीएच ललिता अम्मा ने महिला को अपने घर में नौकरी दी थी।
एसएसबी 42वीं वाहिनी के कमांडेंट प्रवीण कुमार ने बताया कि महिला माया ने बुजुर्ग महिला को जहर दे दिया। महिला की हालत बिगड़ी तो उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसका फायदा उठाते हुए माया ने घर में रखे जेवरात न नगदी पर हाथ साफ कर दिया। जिसे लेकर वह अपने घर आने के लिए रूपईडीहा पहुंची। हैदराबाद में फरार महिला की तलाश में पुलिस जुट गई थी।
घटना की जानकारी व फोटो हैदाराबाद पुलिस द्वारा पहले ही एसएसबी को दी जा चुकी थी। भारत-नेपाल सीमा पर चेकिंग के दौरान आरक्षी दीपिका बेन व अभिसिन पटेल ने फोटो के आधार पर महिला को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान महिला के पास से 147 ग्राम सोना व डेढ़ लाख रूपये नगदी बरामद किया गया।
कमांडेंट ने बताया कि हैदराबाद पुलिस को फरार महिला के पकड़े जाने की जानकारी दी गई। जिस पर वहां से आई पुलिस टीम में इंस्पेक्टर लौडी बालू चौहान व आरक्षी नरसिंह राव को पकड़ी गई महिला व बरामद सामान सुपुर्द कर दिया गया।