फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: मदरसा छात्रों ने खेल प्रतियोगिताओं में दिखाया दम

Tue, 28 Nov 2023 01:56 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। आम दिनों में कुर्ता-पायजामा में नजर आने वाले मदरसे के ज्यादातर छात्र लोवर टी-शर्ट में मैदान पर दौड़ लगाते नजर आए। कोई लंबी कूद में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहा था तो कोई गेंदबाजी और बल्लेबाजी में अपना हुनर दिखाता नजर आया। गोमतीनगर स्थित मदरसा दारुल उलूम वारसिया में सोमवार को मदरसा खेलकूद प्रतियोगिता में 160 छात्रों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।
विज्ञापन


अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विभाग के निर्देश पर मदरसे में जनपद स्तरीय मदरसा खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में रस्सा खींच, बैडमिंटन, वाॅलीबॉल, 100 व 200 मीटर दौड़, क्रिकेट, ऊंची कूद, लंबी कूद और शार्ट पुट आदि शामिल रहीं। मुख्य अतिथि अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने झंडारोहण व राष्ट्रगान के साथ प्रतियोगिता का आगाज किया। इसके बाद मदरसा दारुल उलूम वारसिया के छात्रदल ने परेड व सलामी दी। इस मौके पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सोन कुमार व मदरसा प्रबंधक शरीफुल हसन ने छात्रों का हौसला बढ़ाया।

कलाम की तरह ऊंचाई पर पहुंच सकते हैं मदरसा छात्र : अंसारी

अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि मैंने खुद मदरसे में पढ़ा, आईसीएससी बोर्ड से भी पढ़ाई की है। आज सरकार में राज्यमंत्री हूं। उन्होंने कहा कि मदरसे में पढ़ने वाले छात्र भी ऊंचाई तक पहुंच सकते हैं। पूर्व राष्ट्रपति और वैज्ञानिक एपीजे अब्दुल कलाम, वीर अब्दुल हमीद जैसी बड़ी हस्तियों ने भी मदरसे में शिक्षा हासिल की थी और पूरी दुनिया में अपना और देश का नाम रोशन किया।
विज्ञापन


प्रतियोगिता में ये रही विजयी

जनपद स्तरीय मदरसा खेलकूद प्रतियोगिता की 100 मीटर दौड़ में दारुल उलूम वारसिया के खालिद रजा प्रथम, मो. शहनवाज द्वितीय और दारुल उलूम फारूकिया के छात्र अफरोज अंसारी तृतीय स्थान पर रहे। 200 मीटर दौड़ में मदरसा हनफिया जियाउल कुरान के छात्र अशफाक प्रथम और शाकिब रजा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। दारुल उलूम वारसिया के छात्र शहाबुल इस्लाम तृतीय पर रहे। ऊंची कूद में दारुल उलूम वारसिया के मुनव्वर हुसैन प्रथम, खालिद रजा द्वितीय और हनफिया जियाउल कुरान के मुस्तफा रजा तृतीय स्थान पर रहे। लंबी कूद में अशफाक ने प्रथम, तौसीफ ने द्वितीय और शादाब ने तृतीय स्थान हासिल किया। क्रिकेट में दारुल उलूम वारसिया के अमरेज हुसैन मैन ऑफ द मैच चुने गए।

दौड़ के दौरान छात्रों में हुई कहासुनी

खेलकूद प्रतियोगिता में 100 मीटर दौड़ के दौरान एक छात्र ने दूसरे छात्र पर गिराने का आरोप लगाया तो दोनों में कहासुनी होने लगी। छात्रों की भीड़ जुटने से मामला बढ़ता देख मदरसे के शिक्षकों ने छात्रों को समझाकर शांत कराया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें