मलिहाबाद। मुजासा गांव के पास शनिवार सुबह करीब आठ बजे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक संजय और आठ श्रमिक घायल हो गए।
इंस्पेक्टर मलिहाबाद सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार सभी लोग हमीरापुर निवासी रईस अहमद के बाग में आम तोड़ने जा रहे थे। चालक संजय (22) ने बताया कि बाग के पास ट्रॉली अचानक बेकाबू हो गई। हादसे में वह और श्रमिक अंकित (21), आकाश (20), शिवम (15), मनोज (47), अभय (16), दिव्यांश (12), मयंक (15) और कृष्ण (13) घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को ट्रॉली के नीचे से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी मलिहाबाद में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल अंकित, आकाश, शिवम और मनोज को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी के अनुसार, हादसे के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।