लखनऊ। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे गोरखपुर और मुंबई बीच 15 मई से 15 जुलाई तक विशेष ट्रेन चलाएगा। प्रतिदिन चलने वाली यह ट्रेन लखनऊ होकर जाएगी। पूर्वाेत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि गाड़ी संख्या 01079 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई-गोरखपुर ग्रीष्मकालीन विशेष गाड़ी 15 मई को रात 10.30 बजे मुंबई से गोरखपुर के लिए चलेगी और तीसरे दिन 04.15 बजे लखनऊ आएगी। वापसी में गाड़ी संख्या 01080 गोरखपुर-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई विशेष गाड़ी 17 मई को गोरखपुर से दोपहर 2.30 बजे चलेगी और शाम 7.55 बजे लखनऊ पहुंचेगी। इसके बाद कानपुर होते हुए मुंबई जाएगी। गाड़ी में एसी और सामान्य सहित कुल 22 कोच होंगे।