थाइलैंड की युवती की मौत के मामले में पुलिस की जांच लगभग पूरी हो गई है। पुलिस अब स्पा संचालक राकेश शर्मा के लखनऊ आने का इंतजार कर रही थी लेकिन वह कोरोना संक्रमित हो गया है। रायपुर से हवाई यात्रा के पहले राकेश के कोरोना जांच में इसकी पुष्टि हुई। इस वजह से अब डीसीपी पूर्वी संजीव सुमन की जांच भी रूक गई है। अब तक की जांच की रिपोर्ट से डीसीपी ने पुलिस कमिश्नर को अवगत करा दिया है। उधर स्पा के तीन अन्य कर्मचारियों के मंगलवार को बयान लिए गए। राकेश का बयान बाद में दर्ज कराया जाएगा।
थाइलैंड की युवती की मौत के बाद सोशल मीडिया के जरिये मामले ने काफी तूल पकड़ लिया था। मामला बढ़ने पर पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने जांच के आदेश दिये थे। जांच में ही सामने आया था कि थाई युवती विभूतिखंड स्थित ओ-2 स्पा में फिजियोथेरेपिस्ट थी। उसके बीमार होने पर स्पा मैनेजर सलमान ने उसकी मदद की थी।
डीसीपी पूर्वी संजीव सुमन के मुताबिक, अभी तक स्पा में भी कोई संदिग्ध गतिविधि की बात सामने नहीं आई है। इस मामले में सोशल मीडिया पर किस तरह से यह फर्जी बातों को फैलाया गया, उसके बारे में भी जांच लगभग पूरी हो गई है। इंस्पेक्टर चन्द्रशेखर सिंह ने बताया कि सलमान को पूछताछ के बाद सोमवार को ही छोड़ दिया गया था। वह लखनऊ में ही रह रहा है। उसे बिना अनुमति के बाहर न जाने देने को कहा गया है। सलमान की कॉल डिटेल निकलवाई गई है। इस आधार पर भी कुछ लोगों से पूछताछ की गई है।