कैसरबाग के कुर्मी टोला मोहल्ले में शनिवार को खाना बनाते समय गैस रिसाव के चलते लगी आग से सपा नेता की बहू की झुलसकर मौत हो गई।
पत्नी को बचाने की कोशिश में पति और मासूम बेटी भी झुलस गए। दोनों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पति की हालत नाजुक बनी है। इंस्पेक्टर कैसरबाग का कहना है कि महिला के भाई से बात हुई है। अभी तक उसने किसी प्रकार का आरोप-प्रत्यारोप नहीं लगाया है।
फरुर्खाबाद निवासी आदित्य ने चार साल पूर्व अपनी बहन ज्योति साहू (28) की शादी कैसरबाग कुर्मी टोला के सपा नेता शिव चंद साहू के बेटे विकास साहू से की थी।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह ज्योति किचन में खाना पका रही थी। पति विकास अपनी बेटी मानवी (3) व डेढ़ वर्षीय बेटे यशराज के साथ टीवी देख रहा था।
तभी अचानक उन्हें किचन से ज्योति के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। विकास भागकर किचन में पहुंचा तो उसके होश उड़ गए।
किचन में ज्योति आग की लपटों से घिरी थी। पत्नी को बचाने के लिए विकास किचन में घुस गया। पीछे से रोती हुई उसकी बेटी मानवी भी आ गई।
बताया जा रहा कि आग सिलेंडर से गैस रिसाव के चलते लगी थी। विकास ने रेग्यूलेटर की नाब बंद की और पत्नी को खींचकर बाहर निकाला।
तब तक ज्योति गंभीर रूप से झुलस गई। पत्नी व बेटी को को बचाने के चक्कर में विकास भी झुलस गया।
तीनों को सिविल बर्न यूनिट में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने ज्योति को मृत घोषित कर दिया। झुलसे विकास व मानवी का इलाज चल रहा है।