लखनऊ। प्रदेश के इंजीनियरिंग संस्थानों में पहले चार चरण की काउंसिलिंग आखिरी चरण में है। इसमें अब तक 29764 छात्रों ने अपनी सीट लॉक कर दी है। अब मंगलवार से इनकी कॉलेजों में फिजिकल रिपोर्टिंग होगी। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कॉलेजों में सावन की वजह से फिजिकल रिपोर्टिंग में भी दिक्कत होने की संभावना है। क्योंकि यहां पर अधिकतर स्कूल-कॉलेज 12 अगस्त तक के लिए बंद किए गए हैं।डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) की ओर से प्रदेश के इंजीनियरिंग संस्थानों व राज्य विश्वविद्यालयों के लिए बीटेक प्रवेश प्रक्रिया मई अंत में शुरू की गई थी। इसके तहत अब तक तीन चरण की प्रवेश काउंसिलिंग हो गई है, जबकि चौथे चरण का सीट अलॉटमेंट जारी कर दिया गया है। इसमें चार से सात अगस्त तक अभ्यर्थी सीट कंफर्मेशन शुल्क जमा व सीट विड्राॅ कर सकेंगे। अब तक की काउंसिलिंग के अनुसार 29764 छात्रों ने अपनी सीट कंफर्म की है। इसमें 12673 ने सीट फ्रीज कर रखी है तो 16640 ने फ्लोट की हैं। इसके साथ ही अब तक अपनी सीट कंफर्म करने वाले छात्रों की फिजिकल रिपोर्टिंग चार अगस्त से शुरू होगी। छात्र सीट पाने वाले कॉलेज में जाकर सात अगस्त तक प्रवेश की अन्य आवश्यक प्रक्रिया पूरी करेंगे। इसके बाद कॉलेज प्रवेशित छात्रों की रिपोर्ट विश्वविद्यालय को भेजेंगे।