लखनऊ। बलरामपुर अस्पताल में शनिवार को इमरजेंसी के बाहर खड़ी एक एंबुलेंस से सांप निकल आया। देखते ही देखते वहां अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के समय इमरजेंसी गेट के पास एंबुलेंस खड़ी थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने एंबुलेंस के नीचे से सांप को बाहर निकलते देखा। सांप को देखते ही तीमारदारों में हडकंप मच गया। मरीजों को लेकर आए लोग अपने बच्चों को लेकर दूर भागे। कुछ देर के लिए इमरजेंसी गेट पर भीड़ लग गई। अस्पताल के गार्ड ने डंडे की मदद से सांप को एंबुलेंस से दूर खदेड़ा। इसके बाद सांप एंबुलेंस के टायर के पास से निकलकर नाली की तरफ चला गया। सीएमएस डॉ. हिमांशु ने बताया कि बारिश के मौसम में आसपास से जीव-जंतु निकल आते हैं। एंबुलेंस की भी जांच करा ली गई है।