सलोन (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र बिसाइया गांव में रविवार की रात गोवंशों भरा एक ट्रक पुलिस ने पकड़ा। इसमें 12 मवेशी लदे थे, जबकि 24 मवेशी बाहर थे, जिन्हें लादने का प्रयास चल रहा था। मौके से पुलिस ने गोतस्करी में शामिल दो लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि तीन लोग मौके से फरार हो गए।
विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली कि बिसाइया गांव के बाहर एक ट्रक में गोवंश लादे जा रहे हैं। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिस पहुंची तो मवेशियों को ट्रक में लादा जा रहा था। मवेशियों के गले में रस्सी बांधी थी। पुलिस ने दो लोगों को मौके से गिरफ्तार किया है। विहिप के जिलाध्यक्ष विवेक सिंह ने बताया कि गोकशी के कारोबार में संलिप्त लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि कारोबारी दोबारा इस तरह का दुस्साहस न कर सकें। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मौके से अमृतलाल, वीरेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया गया है। ट्रक चालक और मालिक समेत तीन लोग फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।