लखनऊ। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और पीजीआई पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में पीजीआई तेलीबाग वृंदावन कॉलोनी निवासी दिव्यांग पवन कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि आरोपी के पास 505 ग्राम हेरोइन मिली है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ एक लाख रुपये है। एएनटीएफ के इंस्पेक्टर दर्शन यादव के मुताबिक आरोपी पवन कुमार सिंह पैर से दिव्यांग है। वह हेरोइन को छोटी-छोटी पुड़िया में रखकर लोगों को बेचता था। आरोपी के पास एक मोबाइल फोन और 3155 रुपये भी बरामद हुए हैं।