लखनऊ। मंडलायुक्त ने बुधवार को मंडल के राजस्व वादों के कार्य, मानव संपदा, ई ऑफिस और आईजीआरएस को लेकर बैठक की। समीक्षा में पता चला कि छह हजार से ज्यादा राजस्व वाद पांच साल से लंबित हैं। उन्होंने इनके तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। राजधानी में 57 वाद लंबित मिले। उन्होंने कहा कि मंडल के सभी जिलों में तय समय पर ही कोर्ट का संचालन हो। इसके लिए सभी जिलों के बार एसोसिएशन के पदाधिकारी के साथ बैठक कर समन्वय स्थापित करें। लखनऊ में 1726 की जगह 395 सीमा स्तंभ लगे मिले। मंडल में 23815 के सापेक्ष 3557 सीमा स्तंभ लग चुके हैं। ई खसरा की पड़ताल में पता चला कि 66.99 प्रतिशत काम मंडल में हो चुका है। उत्तराधिकार पत्र जारी करने के संबंध में लेखपाल और कानूनगो की साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने एंटी भू-माफिया अभियान के तहत सभी तहसीलों में प्लॉटिंग की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। कहा कि सरकारी जमीनों पर कब्जा न होने दें।