हरचंदपुर (रायबरेली)। कस्बे में शुक्रवार दोपहर गैस सिलिंडर फटने से छह दुकानों में आग लग गई। तीन दुकानों का सामान पूरी तरह जल गया, जबकि तीन दुकानें आंशिक रूप से जल गईं।
दुकान में रखा सामान बचाने में दुकानदार समेत दो लोग झुलस गए। इस दौरान हाईवे पर जाम लग गया और आवागमन ठप हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियाें ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में करीब 10 लाख का सामान जला।
हरचंदपुर कस्बे में लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे महराजगंज रोड पर सोनू साहू की गैस चूल्हे की दुकान है। दुकान के अंदर गैस सिलिंडर रखा था। शुक्रवार दोपहर 12 बजे गैस रिसाव होने के साथ आग लग गई। इस दौरान गैस सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। इससे आग भड़क गई।
आग ने हरीराम गुप्ता की आटो पार्ट्स, गुरु प्रसाद पटवा की जूते-चप्पल की दुकान को भी चपेट में ले लिया। लपटें इतनी तेज थीं कि लोग आग बुझाने में सफल नहीं हुए। बछरावां और जिला मुख्यालय से दमकल की तीन गाड़ियां बुलाई गईं। इस दौरान हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस जाम हटाने में असहाय नजर आई। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
आग लगने पर दुकान का सामान बचाने के चक्कर में दुकानदार सोनू और उसकी दुकान में बैठा शालू झुलस गए। दोनों को सीएचसी हरचंदपुर पहुंचाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। सीएचसी चिकित्सक डॉ. सचिन निगम ने बताया कि दोनों युवक 40 फीसदी झुलसे हैं।
आग से तीनों दुकानें पूरी तरह से जल गई, जबकि पास की मंजू पाल और गुलाम अली की सिलाई की दुकान, रामनरेश की किराना की दुकान आंशिक रूप से जली। पुलिस ने काफी मशक्कत करके आवागमन को बहाल कराया। थानेदार संजय कुमार ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि आग लगने की मुख्य वजह क्या रही।