चाैधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट लखनऊ।
लखनऊ। बीच रास्ते में ईंधन घटने पर दिल्ली से मुंबई जा रहे विमान काे बृहस्पतिवार को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। इसके अलावा खराब मौसम के कारण पांच अन्य विमान भी डायवर्ट होकर लखनऊ पहुंचे। इंडिगो एयरलाइंस उड़ान संख्या 6ई 329 ने शाम 6 बजे दिल्ली से मुंबई के लिए उड़ान भरी। रात 8:10 बजे मुंबई पहुंचने पर खराब मौसम के कारण विमान की लैंडिंग नहीं हो सकी। एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (एटीसी) ने विमान को लखनऊ डायवर्ट कर दिया। विमान में दिल्ली से मुंबई तक के लिए ही ईंधन था। ऐसे में लखनऊ पहुंचने तक ईंधन खत्म होने लगा। पायलट ने एटीसी को इसकी जानकारी दी और करीब नौ बजे विमान को सकुशल लखनऊ में लैंड कराया। ईंधन भरवाने के बाद विमान को मुंबई रवाना किया गया। ये विमान भी हुए डायवर्ट : बृहस्पतिवार को खराब मौसम के कारण कई विमान लखनऊ डायवर्ट हुए। दिल्ली से रायपुर तक की इंडिगो की उड़ान 6ई 5138, एअर इंडिया की बंगलूरू से दिल्ली की उड़ान, हैदराबाद से दिल्ली जाने वाली अकासा एयर की क्यूपी 1407, इंडिगो की राजकोट से दिल्ली जाने वाली 6ई 6984, एअर इंडिया की मुंबई से दिल्ली जाने वाली एआई 2910 डायवर्ट होकर लखनऊ पहुंची। एयरपोर्ट पर विमानों की भरमार, एप्रन आया काम : लखनऊ एयरपोर्ट पर हाल ही में ईस्ट एप्रन बनाया गया है। बृहस्पतिवार को जब एक के बाद एक डायवर्ट किए गए विमानों की लखनऊ में लैंडिंग हुई तो ईस्ट एप्रन काम आया।