सतरिख (बाराबंकी)। सतरिख थाना क्षेत्र के भिटौली गांव में दिनदहाड़े घर में घुसकर लूटपाट करने वाले बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। भागते समय बदमाशों द्वारा छोड़ी गई बाइक के आधार पर पुलिस ने एक-एक कर छह बदमाशों को पकड़ा है। पूछताछ में पता लगा कि एक व्यवसायी मित्र ने ही एक करोड़ रुपए की लूट की पटकथा लिखी थी। लेकिन बदमाश 40 हजार रुपये ही घर से ले जा सके।
सतरिख के भिटौली गांव के हरिश्चंद्र यादव प्लाईवुड और लकड़ी के व्यापारी हैं। शुक्रवार को गांव स्थित इनके घर में केवल महिलाएं ही मौजूद थी। इस दौरान दो बाइकों से पहुंचे तीन बदमाश घर में घुस आए और महिलाओं को धमकाते हुए चाबी मांग कर घर में रखे 40 हजार रुपए लूट लिए थे। महिलाओं के शोर मचाने पर बदमाश हड़बड़ाहट में एक बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए थे।
पुलिस ने इस बाइक की चेचिस नंबर के आधार पर पता लगाया कि यह कानपुर की है। इसके बाद रात में सतरिख थानाध्यक्ष अमर कुमार चौरसिया ने जाल बिछाया और इसी बाइक के सहारे एक के बाद एक बदमाश को गिरफ्तार करना शुरू कर दिया। पुलिस पहले घटना को संदिग्ध बता रही थी। जब खुलासा हुआ तो वह भी दंग रह गई। जांच में सामने आया कि इस लूट कांड में कारोबारी का एक खास मित्र भी शामिल है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया करने के बाद जांच की जा रही है।