सीतापुर में थाना खैराबाद इलाके में रविवार को हाईवे पर चुनावी ड्यूटी में जा रही बेकाबू परिवहन विभाग की बस की टक्कर से बाइक सवार सास, दामाद और साले की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद बेकाबू बस खड्ड में पलट गई। बस में कोई भी सवार नहीं था। चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम केे लिए भेज दिया है। हादसे में तीन लोगों की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। कोतवाली लहरपुर के बेहटी निवासी विनीता शुक्ल (50) पत्नी विजय शंकर शुक्ल अपने बेटे कृष्ण शुक्ल के साथ रामकोट के जवाहरपुर गांव में अपने दामाद विभू दीक्षित के घर आई थी। रविवार शाम तीनों लोग एक ही बाइक से रामकोट से कमलापुर जा रहे थे। यहां विनीता का मायका है, इसी बीच खैराबाद थाना क्षेत्र में रफातपुर मोड़ के पास एक तेज रफ्तार बेकाबू अनुबंधित बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। बस तीनों को रौंदते हुए खड्ड में जा पलटी। चालक मौके से फरार हो गया।