रायबरेली। जिले के थानों पर शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं। सरेनी थाने में आयोजित समाधान दिवस में कोरवा पोस्ट बिठूली निवासी रमाशंकर अग्निहोत्री ने शिकायत की कि थाने में तैनात दारोगा की शह पर कुछ लोग उसके सहन की जमीन पर जबरन घूरा लगा रहे हैं। विरोध करने पर जानमाल की धमकी देते हैं। इससे आने-जाने में दिक्कत होती है। गांव स्थित सरकारी तालाब को पाटकर उस पर अवैध निर्माण करा लिया है। पीड़ित ने जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। थाना प्रभारी संजय कुमार ने कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जगतपुर प्रतिनिधि के मुताबिक थाने मेंं आयोजित समाधान दिवस में कुल छह शिकायतें आईं। इसमें से दो शिकायतों का मौके पर निपटारा किया गया। इस मौके पर एसडीएम ऊंचाहार सिद्धार्थ चौधरी मौजूद रहे। सलोन प्रतिनिधि के मुताबिक कोतवाली परिसर में आयोजित समाधान दिवस में कुल आठ शिकायतें आईं। इसमें से महज चार शिकायतों का निपटारा किया गया। इस मौके पर नायब तहसीलदार शंभूशरण पांडेय, लेखपाल अमित त्रिपाठी, बृजेश तिवारी मौजूद रहे। ऊंचाहार प्रतिनिधि के मुताबिक थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस में कुल पांच शिकायतें आई। किसी भी शिकायत का निपटारा नहीं हो सका। इस मौके पर ऊंचाहार कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार सिंह मौजूद रहे।