लखनऊ। एकेटीयू में मंगलवार को सीआई हब, आईआईटी कानपुर व रियलमी इंडिया के सहयोग से साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। सीआई हब, आईआईटी कानपुर के डॉ. आनंद हांडा ने छात्रों से संवाद में साइबर सुरक्षा, बढ़ते साइबर खतरों, डिजिटल सुरक्षा तथा साइबर सिक्योरिटी के क्षेत्र में कॅरियर व रोजगार के अवसरों के संबंध में जानकारी दी। डीन ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट प्रो. अरुणिमा वर्मा ने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को विशेष अवसर दिया जाएगा। सफलतापूर्वक असेसमेंट पूरा करने वाले चयनित शीर्ष छात्रों को सीआई हब के भ्रमण व वहां स्थापित साइबर सिक्योरिटी सेटअप को जानने का भी अवसर मिलेगा। एकेटीयू की उप परीक्षा नियंत्रक नेहा श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम के लिए 10 हजार छात्रों ने पंजीकरण कराया। इसमें मूल्यांकन के बाद 2,496 छात्रों का चयन किया गया है।