लखनऊ। उन्नाद टेनिस अकादमी में सोमवार से शुरू हुई आइटा टैलेंट सीरीज अंडर-12 टेनिस प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में जगह बनाई। प्रतियोगिता में युवा खिलाड़ियों के बीच बेहतरीन बेसलाइन रैलियां, दमदार ग्राउंड स्ट्रोक और आक्रामक शॉट्स देखने को मिले। बालक वर्ग में सिद्धार्थ जायसवाल ने शानदार सर्विस और नियंत्रित बेसलाइन गेम की बदौलत हरियाणा के इबाद अहमद को 6-1, 6-0 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। सिद्धार्थ ने पूरे मुकाबले में प्रतिद्वंद्वी को लय हासिल नहीं करने दी। प्रणय शुक्ला ने भी प्रभावी फोरहैंड विनर्स और मजबूत रिटर्न गेम का प्रदर्शन करते हुए अजमीत सिंह को 6-2, 6-0 से मात दी। दिन का सबसे संघर्षपूर्ण मुकाबला विदित खंडेलवाल और कियान मुलचंदानी के बीच रहा। विदित ने पहला सेट 6-3 से अपने नाम किया, लेकिन दूसरे सेट में कियान ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबले को टाईब्रेक तक पहुंचा दिया। दबाव के क्षणों में विदित ने बेहतर शॉट चयन और संयम का परिचय देते हुए टाईब्रेक 7-3 से जीतकर मुकाबला 6-3, 7-6(3) से अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में सान्वी यादव ने आक्रामक खेल दिखाते हुए अक्षिता मिश्रा को 6-0, 6-1 से पराजित किया। वहीं, सान्वी जायसवाल ने लंबी रैलियों में बढ़त बनाए रखते हुए नव्या रावल को 6-4, 6-3 से हराकर अगले दौर का टिकट कटाया।