पूरे बाबा मजरे इटौरा बुजुर्ग गांव के पास अंडे की दुकान पर तीन लोगों ने बोला हमला
पहले से घात लगाए खेत में बैठे थे तीन हमलावर, वारदात के बाद सभी हो गए फरार
ऊंचाहार (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में पूरे बाबा मजरे इटौरा बुजुर्ग गांव के पास सोमवार की रात करीब 8.15 बजे तीन हमलावरों ने एक शटरिंग ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को तब अंजाम दिया गया, जब ठेकेदार गांव के किनारे एक अंडे की दुकान पर खड़ा था। असलहों से लैश तीन हमलावरों में से एक ने ठेकेदार की कनपटी में सटाकर गोली मार दी, जिससे उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। प्रयागराज-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव के निकट सड़क के किनारे अंडे की दुकान पर इटौरा गांव का चमन कुमार लोधी खड़ा था, तभी खेत की तरफ से तीन हमलावर पैदल आए और ठेकेदार को घेरकर पीटा और एक ने कनपटी में गोली मार दी। उसके गिरते ही हमलावर फरार हो गए। घटना की सूचना पर एसपी आलोक प्रियदर्शी, अपर पुलिस अधीक्षक नवीन कुमार सिंह, सीओ राम किशोर सिंह व कोतवाल बालेंदु गौतम मौके पर पहुंचे। फोरेंसिंक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए। एएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया जमीन के विवाद में युवक की हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। जांच कराई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।