लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में शनिवार को गुटखे के 15 रुपये ऑनलाइन भुगतान को लेकर दुकानदार और ग्राहक के बीच कहासुनी हो गई। इस पर दुकानदार ने लाइसेंसी रिवाॅल्वर से ग्राहक पर गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली ग्राहक को नहीं लगी। पुलिस ने आरोपी दुकानदार को लाइसेंसी रिवाॅल्वर के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मूल रूप से वाराणसी के रामपुरा निवासी ठेकेदार अमित कुशवाहा अंसल स्थित ओकस अपार्टमेंट में रहते हैं। शनिवार को वह लुलु मॉल से कार से लौट रहे थे। अटल चौराहे पर कार रोककर उन्होंने सोभेलाल निवासी अहिमामऊ की दुकान से 15 रुपये का गुटखा खरीदा। इसके बाद ऑनलाइन भुगतान कर वह कार में बैठ गए। दुकानदार तुरंत कार के पास पहुंचा और भुगतान न होने की बात कहते हुए फिर से भुगतान करने को कहा।
इस पर अमित का दुकानदार से विवाद हो गया। दुकानदार भड़क गया और दौड़कर दुकान से लाइसेंसी रिवाॅल्वर ले आया। अमित कुछ समझ पाते इससे पहले ही दुकानदार ने फायर कर दिया। गनीमत की बात यह रही कि अमित को गोली नहीं लगी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लाइसेंसी रिवाॅल्वर, दो कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। पुलिस ने केस दर्ज कर रविवार को दुकानदार सोभेलाल को जेल भेज दिया। सुशांत गोल्फ सिटी इंस्पेक्टर अंजनी कुमार ने बताया कि आरोपी सोभेलाल का शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जाएगी।
दुकानदार सोभेलाल की गिरफ्तारी के विरोध में रविवार दोपहर दो बजे किसान यूनियन के दर्जनों लोग सुशांत गोल्फ सिटी थाने के बाहर प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर एकपक्षीय कार्रवाई करने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने दुकानदार की पत्नी की तहरीर पर ग्राहक अमित के खिलाफ भी केस दर्ज करने की मांग की। एसीपी गोसाईंगंज किरन यादव ने उन लोगों से तहरीर लेकर तीन दिन में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसीपी से मिले आश्वासन के बाद शाम पांच जब प्रदर्शन खत्म हुआ।