लखनऊ। शिया पीजी कॉलेज में एलएलबी इंटीग्रेटेड (पांच वर्षीय) कोर्स में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभ्यर्थी कॉलेज की वेबसाइट पर आवेदन फॉर्म भर सकते हैं। महाविद्यालय ने बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) से मंजूरी मिलने के बाद प्रवेश प्रक्रिया की शुरू कर दी है।
शिया कॉलेज को एलएलबी (पांच वर्षीय) कोर्स में दाखिले के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय से पिछले वर्ष ही मान्यता मिल गई थी। लेकिन बीसीआई से अनुमोदन न मिलने की वजह से इसमें दाखिले की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई थी। अब एक वर्ष बाद जब मंजूरी मिल गई है तो कॉलेज ने सत्र 2024-25 के लिए दाखिले शुरू कर दिए हैं।
बीसीआई की तरफ से कॉलेज को कोर्स में एक सेक्शन (60 सीटों) पर दाखिले की अनुमति दी गई है। इस तरह से शिया पीजी कॉलेज शहर का पहला अनुदानित कॉलेज बन गया है जहां एलएलबी इंटीग्रेटेड और एलएलबी तीन वर्ष दोनों कोर्सों की पढ़ाई हो पाएगी। प्रवक्ता डॉ. प्रदीप शर्मा ने बताया कि कोर्स में प्रवेश लिए आवेदन शुल्क 1500 रुपये है।