समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष पद व मंत्रिपरिषद से इस्तीफा देने के बाद शिवपाल सिंह यादव के लखनऊ स्थित सात कालिदास मार्ग पर बड़ी संख्या में उनके समर्थक जमा हो गए।
करीब एक घंटे बाद शिवपाल अपने घर से बाहर आए और समर्थकों से शांत रहने की अपील की। उन्होंने समर्थकों से कहा कि आप सभी अभी जाइये... सोइये... और हमें भी सोने दीजिए।
समर्थकों का अतिउत्साह देख उन्होंने कहा कि हम आपके साथ खड़े हैं, हम कल आपसे बात करेंगे। हम हमेशा आपके साथ हैं, फिलहाल आप जाइये और सोइये।
वहीं, समर्थकों ने उनके जवाब में कहा कि वह यहीं (उनके घर के सामने) सोएंगे। इसके बाद शिवपाल के घर के बाहर अब भी समर्थक मौजूद हैं और शिवपाल अंदर चले गए।
जबकि मौजूद समर्थकों ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें विश्वास है कि सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह के रहते हुए कुछ गलत नहीं होगा, जल्द ही सब सुलझ जाएगा। समर्थक लगातार शिवपाल के समर्थन में नारेबाजी करते रहे।