रायबरेली। शहर क्षेत्र के नौ मोहल्लों में सीवर लाइन जाम होने से 10 हजार से ज्यादा लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाल ये है कि सड़कों पर सीवर का पानी भर रहा है। इससे लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। दुर्गंध से लोग परेशान हैं। पालिकाध्यक्ष ने अधिशासी अधिकारी पर सीवर टैंक साफ न कराने का आरोप लगाया है।
शहर क्षेत्र के किला बाजार, सब्जी मंडी, कैपरगंज, मालखाना, सत्य नगर, जवाहर विहार कॉलोनी, निराला नगर, प्रगतिपुरम, अली मियां कॉलोनी में सीवर लाइन जाम हो गई है। इससे सीवर का पानी सड़कों व गलियों में भर गया है। पूर्व पालिकाध्यक्ष मो. इलियास का कहना है कि उनके घर के सामने ही सीवर लाइन जाम है। इससे घर के सामने दूषित पानी भरा है। सांस लेना मुश्किल है। समस्या पर कोई ध्यान देना वाला नहीं है। दिनेश कुमार, राम प्रसाद वर्मा, सचिन तिवारी का कहना है कि सीवर टैंक साफ न होने से परेशानी झेलनी पड़ रही है।
पालिकाध्यक्ष शत्रोह्न सोनकर का कहना है कि सीवर टैंकों की सफाई न होने के कारण सीवर लाइन जाम है। ऐसे मेंं नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। कहने के बाद भी ईओ टैंकों की साफ-सफाई नहीं करा रहे हैं, जबकि सफाई कर्मियों के लिए पालिका की तरफ से किट भी खरीद दी गई है। पालिकाध्यक्ष का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह ईओ पर मनमानी बरतने का आरोप लगा रहे हैं।
उधर, अधिशासी अधिकारी स्वर्ण सिंह का कहना है कि टैंक के अंदर जाने से सफाई कर्मियों पर हादसे का खतरा बना रहता है। इस वजह से सतर्कता बरती जाती है। यदि किसी मोहल्लों में सीवर लाइन जाम है तो वहां पर समस्या दूर करा दी जाएगी।