लखनऊ। क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ ने अंडर 15 और अंडर 19 महिला खिलाड़ियों के लिए 4 से 10 जून तक एक फिटनेस कैंप आयोजित किया। सायमा अली की देखरेख में यह कैंप सुबह छह से आठ बजे तक आयोजित हुआ। इस दौरान संयुक्त आयुक्त जीएसटी और पूर्व खिलाड़ी सुप्रिया यादव को कैंप में आमंत्रित किया गया। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए खेल निखारने के लिए लाभदायक सुझाव दिए। बुधवार को कैंप के समापन पर फिलजा खान (जीवन कौशल प्रशिक्षक और परामर्शदाता) ने महिलाओं को खेल के साथ-साथ जीवन में सावधानी से आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनाने और उज्ज्वल भविष्य के लिए सार्थक प्रयास करने का मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर एसोसिएशन के सचिव केएम खान, पूर्व अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ी प्रियंका शैली, पीयूष पांडे, राकेश सिंह, गुलाम मुस्तफा, पूनम चौधरी, स्मिता मिश्रा और निधि रस्तोगी मौजूद रहीं।