श्रावस्ती। संयुक्त जिला चिकित्सालय में तैनात तीन आयुष चिकित्सकों की सेवा समाप्त की जाएगी। यह चिकित्सक बिना किसी पूर्व सूचना के अपनी ड्यूटी से नदारद हैं। अब इनकी सेवा समाप्ति के लिए सीएमएस ने स्वास्थ्य महानिदेशक को पत्र भेजा है। संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में बाल रोग विशेषज्ञ डा. शिशिर अग्रवाल एक अप्रैल 2024 से बिना किसी सूचना के अस्पताल नहीं आ रहे। वहीं एमबीबीएस डा. शोभित गुप्ता 25 सितंबर 2023 से नदारद हैं। जबकि एमबीबीएस डा. अमित कुमार का चयन 13 जनवरी 2024 को किया गया था जो अब तक संयुक्त जिला चिकित्सालय अपनी सेवा देने नहीं पहुंंचे। इन तीनों आयुष चिकित्सकों को सीएमएस की ओर से पत्र भेज कर अस्पताल आकर अपना योगदान देने के लिए निर्देशित किया गया था। इसके बाद न तो तीनों चिकित्सक अस्पताल आए और न ही अस्पताल ना आने का कोई कारण ही बता रहे हैं। ऐसे में इसे अनुशासनहीनता मानते हुए सीएमएस डा. रामगोपाल ने इन तीनों ही चिकित्सकों का अनुबंध समाप्त करने के लिए स्वास्थ्य महानिदेशक को पत्र भेजा है। इस बारे में सीएमएस का कहना है कि तीनों चिकित्सकों के कारण स्वास्थ्य सेवा प्रभावित हो रही थी। इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है।