रायबरेली। एआरटीओ कार्यालय में दो दिन बाद सर्वर आने से शनिवार को ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) बनवाने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। सुबह से ही औपचारिकता पूरी कराकर 85 लोगों ने गहमागहमी के बीच डीएल बनवाए। शनिवार को बीती एक फरवरी बुकिंग कराने वाले लोगों को भी डीएल बनवाने के लिए बुलाया गया था। दो फरवरी के लोगों को छह फरवरी को बुलाया गया है।
एआरटीओ (प्रशासन) आरके सरोज ने बताया कि दिल्ली से सर्वर में कुछ गड़बड़ी के कारण पिछले दो दिन से सर्वर नहीं आ रहा था। इससे लर्निंग, परमानेंट और व्यावसायिक लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया प्रभावित रही। सर्वर के अभाव में दो दिन तक काम नहीं हुआ।
शनिवार को सर्वर आने के बाद डीएल बनाने का काम हुआ। पिछले दो दिन में डीएल बनवाने से वंचित लोगों की ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। एक फरवरी की बुकिंग वाले लोगों को शनिवार को बुलाकर डीएम बनवाया गया। दो फरवरी के आवेदकों को छह फरवरी को बुलाया गया है।