लखनऊ। उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक उल्लास के साथ अलीगंज स्थित वरिष्ठ नागरिक सामुदायिक एवं मनोरंजन केंद्र में डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य डॉ. अर्चना मिश्रा ने किया। पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने डांडिया की धुनों पर उत्साहपूर्वक सहभागिता की। डॉ. अर्चना मिश्रा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका अनुभव, जीवन के प्रति दृष्टिकोण और सामाजिक योगदान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम के आयोजक डॉ. बिजेंद्र राणा ने कहा कि हमारा उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को ऐसा अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है, जहां वे मनोरंजन, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से सक्रिय जीवन जी सकें।