दीवार गिरने से घायल दूसरे बच्चे की भी मौत
गुडंबा। गुडंबा के सीवा गांव में मकान की छत पर बनी दीवार गिरने से घायल दूसरे बच्चे आयुष (8) की भी शुक्रवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में आराध्या (7) की घटना के दिन 17 अक्तूबर को ही मौत हो गई थी। घायल आरुष (6) और गौरवी (6) को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई थी। बता दें कि 17 अक्तूबर की सुबह चारों बच्चे मकान की छत पर कपड़े सुखाने के लिए बंधी रस्सी से झूलकर खेल रहे थे। इसी दौरान करीब चार इंच मोटी दीवार भरभराकर गिर गई। चारों बच्चे मलबे में दब गए थे। परिजन आनन-फानन उन्हें कुर्सी रोड स्थित अस्पताल ले गए थे। इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा के मुताबिक, हादसे में मुरलीधर की बेटी आराध्या, राजेंद्र के बेटे आयुष और आरुष तथा इंदल की बेटी गौरवी घायल हुए थे। चारों बच्चे एक ही परिवार के सदस्य हैं।