लखनऊ। आशियाना इलाके में सड़क के लेवल से ऊंचे बने मैनहोल से टकराकर प्रॉपर्टी डीलर की स्कूटी पलट गई। हादसे में प्रॉपर्टी डीलर घायल हो गए। अस्पताल पहुंचाने पर उनकी मौत हो गई।
आशियाना के न्यू गरौड़ा निवासी प्रॉपर्टी डीलर सूरज सिंह (28) बृहस्पतिवार को अपने पुश्तैनी घर गए थे। मां पूनम, भाई शक्ति ठाकुर, बॉबी और दादी रमा देवी से मिलकर देर शाम वह स्कूटी से घर लौट रहे थे। किला मोहम्मदी सेक्टर एन में सड़क के लेवल से ऊंचे बने मैनहोल से टकराकर स्कूटी पलट गई। सूरज हेलमेट नहीं पहने थे, इसके चलते सिर पर गंभीर चोट आने से वह बेहोश हो गए। आसपास के लोगों ने सूरज को लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर परिजन और पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने छानबीन कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।