राजधानी में सर्दी ने अपनी आमद दर्ज करा दी है। सुबह-सुबह स्कूल जाने में छोटे बच्चों को दिक्कत होने लगी है।
ऐसे में राजधानी के कई स्कूलों ने अपनी टाइमिंग आधा घंटा आगे बढ़ा दी है।
वहीं, कुछ स्कूल ऐसे हैं जो दीपावली के बाद टाइमिंग बढ़ाने पर फैसला करेंगे। दीपावली के बाद स्कूल नए समय के अनुसार खुलेंगे।
इस बार दीपावली से पहले ही सर्दी पड़ने लगी है। सुबह और शाम को पारा काफी गिर जाता है। गिरते पारे की वजह से बच्चों के साथ ही बड़ों को भी सुबह उठने में मुश्किल होने लगी है।
ऐसे में ज्यादातर मिशनरी स्कूलों ने स्कूल खुलने का समय आधा घंटा आगे बढ़ा दिया है।
हजरतगंज स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल दीपावली के बाद सात दस के बजाय 7:40 पर खुलेगा। इसी तरह स्टेला मेरी इंटर कॉलेज सात बजकर 7:45 मिनट पर खुलेगा।
इसके साथ शहर के कई अन्य स्कूलों ने भी अपने यहां स्कूल खुलने का समय बढ़ा दिया है।
दूसरी ओर एसकेडी एकेडमी, सिटी मांटेसरी स्कूल और रानी लक्ष्मी बाई मेमोरियल इंटर कॉलेज दीपावली के बाद स्कूल खुलने का समय आगे बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं।