डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय
लखनऊ। डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नॉन-सीयूईटी स्नातक प्रवेश का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है। विश्वविद्यालय ने पीएचडी प्रवेश की प्रतीक्षा सूची भी घोषित की है। प्रवेश निदेशक अनामिका चौधरी ने बताया कि यूजी नॉन-सीयूईटी प्रवेश की पहली मेरिट सूची छह जुलाई को जारी होगी। पहली मेरिट में चयनित अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग 9 से 11 जुलाई तक होगी। इस दौरान मूल अभिलेखों का सत्यापन और प्रवेश शुल्क जमा किया जाएगा। दूसरी मेरिट सूची 13 जुलाई को आएगी। दूसरी मेरिट के अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग 16 व 17 जुलाई को होगी। अधिष्ठाता शैक्षणिक वीके सिंह ने अभ्यर्थियों को सभी मूल दस्तावेज के साथ काउंसिलिंग में उपस्थित होने को कहा। नॉन-सीयूईटी के तहत बीए, बीकॉम, बीएससी, बीबीए, बीफार्मा और अन्य विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश मिलेंगे।