सरोजनीनगर। बंथरा में बृहस्पतिवार शाम तीन बाइक सवार पांच बदमाश दुकान बंद कर लौट रहे सराफ पिता-पुत्र से असलहे के बल पर डेढ़ लाख के जेवरात, 60 हजार नकद लूट ले गए। पुलिस ने केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश में चार टीमों को लगाया है।
उन्नाव के आसीवन निवासी सराफ सुरेंद्र कुमार बंथरा के हनुमान मंदिर के पास रहते हैं। उनकी काकोरी के बेहटा में वंश नाम से दुकान है। रोजाना की तरह वे बृहस्पतिवार शाम छह बजे बेटे 13 वर्षीय वंश के साथ दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक सुरेंद्र चला रहे थे, वंश पीछे गहनों से भरा बैग लिए बैठा था। जैसे ही बाइक बंथरा का लोनहा गांव पार कर गड़रियनन खेड़ा फाटक से एक किमी आगे गढ़ी चुनौटी की ओर पहुंची, जंगल से आए पांच बदमाशों ने अपनी बाइकें लगाकर रोक लिया।
इसके बाद एक बदमाश ने सुरेंद्र की कमर में असलहा लगा दिया। दूसरा वंश को बाइक से उतारकर किनारे ले गया और उससे जेवरात, नकदी, सुरेंद्र का मोबाइल व बाइक की चाबी लूट ली। इसके बाद बदमाश गढ़ी चुनौटी बंथरा की ओर भाग निकले।
रेकी कर वारदात को दिया अंजाम
एडीसीपी साउथ शशांक सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में लग रहा है कि बदमाशों ने वारदात से पहले रेकी की। घटना के बाद पुलिस की टीम सराफ की दुकान पहुंची और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। देर रात तक इससे कोई सफलता नहीं मिली। पूरे रूट के कैमरों को खंगाला जा रहा है। पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि बदमाशों के चेहरे खुले हुए थे। उनकी उम्र 25 से 35 वर्ष के बीच में थी। पुलिस को आशंका है कि वारदात को इलाके या उससे सटे जिले के बदमाशों ने अंजाम दिया है।