बख्शी का तालाब। राम सागर मिश्र हॉस्पिटल के सफाई कर्मचारियों और सुपरवाइजर ने शनिवार को सीएमएस के खिलाफ प्रदर्शन किया। कर्मियों का आरोप है कि टेंट का सामान न उठाने पर सीएमएस ने उनसे अभद्रता कर अस्पताल से बाहर निकाल दिया। इसके बाद कर्मियों ने हॉस्पिटल के गेट पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया और सीएमएस से माफी की मांग की। कर्मियों ने सीएमएस पर उत्पीड़न के आरोप भी लगाए। उनका कहना है कि सीएमएस उन्हें सीवेज टैंक में उतारकर सफाई को मजबूर करते हैं, जिससे जान का खतरा रहता है। महिला कर्मियों ने वार्ड आया का काम कराने और इंजेक्शन सिरिंज भरवाने का भी आरोप लगाया। सीएमएस डॉ वी के शर्मा ने इन सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों ने काम से मना किया और खुद चले गए। इसकी रिपोर्ट एजेंसी को भेजी जाएगी।