रायबरेली। पांच दिन तक चले प्रशिक्षण में गैरहाजिर रहे 118 मतदानकर्मियों में बुधवार को 29 कर्मचारी प्रशिक्षण लेने नहीं पहुंचे। संबंधितों का बुधवार का वेतन रोक दिया गया है। विभागाध्यक्षों को पत्र जारी करके 17 मई को हर हाल में प्रशिक्षण में शामिल होने के आदेश दिए गए हैं। इसके बाद कोई मौका नहीं दिया जाएगा और मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
बीती 10 मई से 14 मई तक मतदानकर्मियों का प्रशिक्षण हुआ। पांच दिन में 118 कर्मी प्रशिक्षण लेने के लिए नहीं पहुंचे। सभी को बुधवार को प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए बुलाया गया था, जिसमें 29 मतदानकर्मी प्रशिक्षण लेने के लिए नहीं पहुंचे। जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि गैरहाजिर 29 मतदानकर्मियों का बुधवार को वेतन रोक दिया गया है। संबंधित विभागों के विभागाध्यक्षों को पत्र भेजा गया है। 17 मई को अंतिम मौका प्रशिक्षण लेने के लिए दिया गया है। प्रशिक्षण में न आने पर मुकदमा किया जाएगा।