लखनऊ। आलमबाग इलाके में रहने वाली 11वीं की छात्रा नैंसी गुप्ता (16) ने बृहस्पतिवार को घर पर फांसी लगा ली। किशोरी पढ़ने की बात कहकर कमरे में गई थी। फिलहाल, आत्महत्या की वजह नहीं पता चल सकी है।
आलमबाग के पवनपुरी में सेल्समैन राकेश गुप्ता परिवार संग रहते हैं। बृहस्पतिवार सुबह वह ड्यूटी पर गए थे। घर पर पत्नी बिमला व बच्चे थे।
राकेश के मुताबिक, दोपहर करीब एक बजे घर खाना खाने पहुंचे। इस बीच मंझली बेटी नैंसी पढ़ाई करने की बात कहकर प्रथम तल पर बने कमरे में चली गई।
राकेश ने बेटी तान्या और बेटे शिवांशु के साथ खाना खाया। नैंसी को आवाज लगाई तो कोई जवाब नहीं मिला। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। परिजनों और मोहल्ले वालों की मदद से दरवाजा तोड़ा तो नैंसी फंदे से लटकती मिली। पिता के मुताबिक, नैंसी कुछ दिनों से बीमार थी। उसका इलाज चल रहा था।